नई दिल्ली। यूपी के नोएडा में एक बार फिर कुत्ते को लेकर बड़ा विवाद हो गया। यहां एक पॉश सोसायटी की लिफ्ट के अंदर कुत्ते को ले जाने को लेकर दंपत्ति और रिटायर्ड आईएएस के बीच तू-तू, मैं-मैं हो गयी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत हाथापाई तक जा पहुंची। गुस्से में आकर रिटायर्ड आईएएस ने महिला को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद वहां महिला का पति भी आ गया। इसके बाद दंपत्ति और रिटायर्ड आईएएस के बीच हाथापाई हो गई। महिला का पति भी रिटायर्ड आईएएस से मारपीट करने लगा। हालांकि दोनों पक्षों ने बाद में समझौता कर लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियों में देखा जा सकता है कि महिला और रिटायर्ड आईएएस के बीच हाथापाई हो रही है। इतने में महिला का पति भी वहां आ जाता है और वह भी रिटायर्ड आईएएस से उलझने लगता है। घटना सेक्टर-108 स्थित पार्क्स लॉरिएट सोसायटी की है।
कुत्ते को लेकर लिफ्ट के अंदर जाना चाहती थी महिला
रिपोर्ट के अनुसार, महिला कुत्ते को अपने साथ लिफ्ट के अंदल ले जाना चाह रही थी। हालांकि रिटायर्ड आईएएस इसका विरोध कर रहे थे। वो कह रहे थे कि महिला लिफ्ट के अंदर कुत्ते को ना लेकर जाए। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरु हो गई जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गई। बहस के बीच रिटायर्ड आईएएस ने अपना मोबाइल निकाला जिसे महिला ने छीन लिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद औऱ अधिक बढ़ गया। बहस के बाद वहां काफी लोग जमा हो गए। महिला का पति भी वहां आ गया और वह भी रिटायर्ड आईएएस को थप्पड़ मारने लगा। इसी बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली सेक्टर-39 की पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को चेक किया। सीसीटीवी में दोनों पक्षों के बीच मारपीट होते दिखाई दिया। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पक्षों ने मामले की शिकायत नहीं की और आपस में मामले को सुलक्षा लिया।