Aug 18, 2026

सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर ₹10,000 की रिश्वत मांग रहा सहायक कृषि अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार

post-img

हरिद्वार। उत्तराखंड विजिलेंस (सतर्कता अधिष्ठान) की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ धर दबोचा है। खानपुर (हरिद्वार) में तैनात सहायक कृषि अधिकारी को कृषि यंत्र पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में ₹10,000 की रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

सतर्कता अधिष्ठान से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए सरकारी योजना के तहत आवेदन किया था। इस योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी की फाइल को पास करने और कागजी कार्रवाई आगे बढ़ाने के नाम पर खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव ₹10,000 की रिश्वत (उत्कोच) की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस सेक्टर की ट्रैप टीम का गठन किया गया। योजनाबद्ध तरीके से सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी हरिओम यादव मूल रूप से प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड (कोटद्वार) का निवासी है और वर्तमान में खानपुर (हरिद्वार) में सहायक कृषि अधिकारी के पद पर कार्यरत है। गिरफ्तारी के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और उसके आवास व अन्य संपत्तियों की जांच में जुट गई है। विजिलेंस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में आम जनता का उत्पीड़न और रिश्वतखोरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम के एवज में रिश्वत मांगता है, तो तुरंत विजिलेंस के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।