क्रूरता की हदें पारः दिल्ली में सास ने बहू के चेहरे पर फेंका तेजाब! 6 महीने की बच्ची को भी नहीं छोड़ा, फरार ससुरालियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश

Spread the love

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से क्रूरता की हदें पार करने वाली खबर सामने आई है। यहां न्यू उस्मानपुर में एक 22 साल की महिला के ऊपर उसकी सास ने तेजाब फेंक दिया। हमले के कारण महिला 30 प्रतिशत तक जल गई। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से ससुराल के लोग फरार हो गए हैं। फिलहाल उनकी तलाश जारी है। दरअसल महिला की शादी नवंबर 2021 में हुई थी। उसकी छह महीने की बच्ची है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसे और उसकी बच्ची को ससुराल वाले प्रताड़ित करते हैं। वहीं पति अक्सर मारपीट करता है।

महिला का कहना है कि हमारा एक कोर्ट केस चल रहा है…मैं दोपहर में कोर्ट गई थी। लौटने के बाद मैं घर की दूसरी मंजिल पर पानी की मोटर के पास कुछ काम कर रही थी। तभी मेरी सास आई और मुझ पर तेजाब फेंक दिया। मेरी सास और ननद भी वहीं पर खड़ी थीं। मैंने अपनी सास को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह चिल्लाने लगी कि मैं उसे मारने जा रहा हूं और भाग गई। मैं नीचे गई… मेरा चेहरा जल रहा था। मैंने एक पड़ोस में रहने वाले एक शख्स की मदद ली। उसने मुझे अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में डीसीपी (पूर्वोत्तर) जॉय एन टिर्की ने कहा कि हमने मारपीट और एसिड हमले की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश कर रहे हैं।

फिलहाल महिला की सास फरार है। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। महिला ने आरोप लगाया कि पति सहित उसके ससुराल वाले 2021 से ही उसे परेशान कर रहे हैं। वे उससे पैसे की मांग करते हैं। जब उसने पैसों के लिए अपने माता-पिता को फोन करने से मना किया तो उसे घर बाहर जाने से रोक दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। महिला का कहना है कि वे उसकी बेटी को भी एक कमरे में बंद कर देते हैं।