उत्तराखंड: पहाड़ में बदला मौसम! आंधी तूफान के साथ हुई बारिश,यमुनोत्री में सीजन की पहली बर्फबारी

Spread the love

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में आज मौसम ने करवट बदली। देर शाम उत्तरकाशी जिले में बारिश के साथ आंधी तूफान शुरू हो गया। वहीं, यमुनोत्री धाम में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बारिश के बाद आसपास की चोटियों, सप्त ऋषि कुंड, बंदरपूंछ, कालिंदी पर्वत और गरुड़ गंगा क्षेत्र में बर्फबारी हुई। यमुनोत्री धाम से पुलिस चौकी प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि दोपहर बाद करीब ढाई घंटे बारिश हुई। तापमान में भी गिरावट आई है। साथ में मौसम में ठंडक बढ़ गई है। वहीं, पहाड़ में बारिश के बाद मैदानी इलाकों में भी हल्की ठंडक बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, अक्तूबर में अभी तक दिन के अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान भी सामान्य है, लेकिन पर्वतीय इलाकों में आज बारिश के आसार हैं। ऐसे में पर्वतीय जिलों में बारिश का असर मैदानी इलाकों के तापमान में भी देखने को मिलेगा। इसके चलते रात को ठंड बढ़ सकती है। हालांकि, मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।