उत्तराखण्डः तेज रफ्तार बुलेट ने मासूम भाई-बहन को मारी टक्कर! भाई की मौत, बहन अस्पताल में भर्ती

Spread the love

हल्द्वानी। रामनगर से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां सांवल्दे क्षेत्र में सड़क किनारे नल से पानी भर रहे दो मासूम भाई-बहनों को एक बुलेट सवार युवक ने जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में भाई की मौत हो गई, जबकि बहन गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। मासूम बच्चे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और हर कोई घटना से आक्रोशित है। फिलहाल पुलिस फरार बुलेट चालक की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार रामनगर के सांवल्दे पश्चिम निवासी मदन सिंह का 8 साल का बेटे पवन अपनी 2 वर्षीय बहन अनुष्का के साथ सड़क किनारे एक नल पर पानी भरने के लिए गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब दोनों भाई-बहन पानी भर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार में बुलेट आ गई। उन्होंने बताया कि बुलेट सवार लापरवाही से वाहन चला रहा था। जब तक वो कुछ समझ पाते, तब तक उसने दोनों भाई-बहनों को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण और परिजन उपचार के लिए दोनों को तत्काल सरकारी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनुष्का के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसका इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद आरोपी बुलेट को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस अब आरोपी बुलेट चालक की खोजबीन में जुटी हुई है।