नई दिल्ली। अमेरिका से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां फिलिस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारियों ने व्हाइट हाउस का घेराव किया। हिंसक विरोध प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों ने व्हाइट हाउस की बाड़ को गिराने का प्रयास किया। खबरों की मानें तो शनिवार की रात, फिलिस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने राष्ट्रपति जो बाइडेन के खिलाफ अपशब्द बोले और नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने व्हाइट हाउस के बाहर एक बाड़ को तोड़ने की कोशिश की। सीक्रेट सर्विस ने कहा कि विरोध अधिक हिंसक होने के कारण उन्होंने उस एरिया से गैर-जरूरी कर्मचारियों को हटा दिया। एक वीडियो में प्रदर्शनकारियों को बाड़ को इतनी जोर से हिलाते हुए कैद किया गया कि उसका एक हिस्सा ढीला हो गया। सीक्रेट सर्विस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों का डटकर सामना किया और उन्हें व्हाइट हाउस के मैदान में प्रवेश करने से रोका। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर पानी की बोतलें और छड़ें फेंकी और बाड़ पर चढ़ने का प्रयास किया। उन्होंने राष्ट्रपति के खिलाफ नारे लगाते हुए कहा कि वो बच्चों की हत्या का समर्थन करते हैं।
Anil Kumar
Editor