पेट्रोल पंप पर सिगरेट पीने से रोका तो चाकू घोंपा, एक युवक की मौत, एक गम्भीर, आरोपियों का ढाबा-मकान गिराया

Spread the love

भोपाल। देवास में सिगरेट पीने से मना करने पर पेट्रोल पंप कर्मचारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वहीं उसका साथी कर्मचारी घायल है। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन ने भी सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी का अवैध रूप से बना ढाबा ध्वस्त कर दिया है। साथ ही एक अन्य आरोपी का मकान भी गिराया गया है।

मामला सोमवार रात का है। दिवाली की रात 11 बजे भोपाल रोड जेतपुरा के पास सूर्यांश सेल्स पेट्रोल पंप पर पांच युवक पेट्रोल डलवाने आए थे। इसी दौरान युवकों ने वहां सिगरेट जला ली। ये देख पेट्रोल पंप कर्मचारी राहुल ने उन्हें सिगरेट पीने से रोका। इस पर युवक भड़क गए और विवाद करने लगे। जोजन सिंह बीच बचाव करने आया। आरोपियों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से जोजन सिंह की मौत हो गई। जबकि राहुल घायल है। राहुल को देवास जिला अस्पताल से इंदौर रेफर किया गया है।

पुलिस बोली- दो अन्य आरोपियों के मकान भी टूटेंगे : थाना बीएनपी पुलिस ने बताया कि भोपाल रोड स्थित पेट्रोल पंप कर्मचारी जोजन सिंह निवासी ग्राम खटांबा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। कर्मचारी राहुल पिता जालमसिंह निवासी खटांबा गंभीर रूप से घायल है। जांच की जा रही है। पुलिस ने पांचों आरोपी समीर, फैजान, फारुख, जफर और इरशाद को गिरफ्तार कर लिया है।

उधर, वारदात के बाद मृतक के परिजन बीएनपी थाने के सामने धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि आरोपियों के मकानों को भी तोड़ा जाए। बताया जा रहा है कि 2 आरोपियों के मकानों को तोड़ने की कार्रवाई की जानी है।