Jul 25, 2026

हरिद्वार कांवड़ मेले के बेहतर संचालन हेतु बहु-विभागीय समन्वय अनिवार्य: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित का आधिकारिक निर्देश

post-img

हरिद्वार। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में आयोजित एक भव्य ब्रीफिंग कार्यक्रम में गढ़वाल और कुमाऊं रेंज से पहुंचे उच्च पुलिस अधिकारियों ने मेला ड्यूटी में तैनात बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस वर्ष कांवड़ मेले की सुरक्षा का जिम्मा 6,000 से अधिक पुलिस जवानों के कंधों पर होगा। इसके अलावा सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए पैरामिलिट्री फोर्स (अर्धसैनिक बल) की 13 कंपनियां भी तैनात की जाएंगी। सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए पूरे कांवड़ मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा करते हुए एसपी सिटी अभय सिंह को कांवड़ मेले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं ग्रामीण इलाकों की कमान एसपी देहात शेखर चंद सुयाल संभालेंगे, जबकि एसपी क्राइम व ट्रैफिक निशा यादव को यातायात प्रबंधन और डायवर्जन प्लान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेला क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। संपूर्ण मेला क्षेत्र की कड़ी निगरानी के लिए 10 ड्रोन कैमरों के साथ-साथ सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया गया है। बीडीएस व डॉग स्क्वायड: बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वायड की 4 विशेष टीमें मेला क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर हर संदिग्ध परिस्थिति पर नजर रखेंगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय विशेष पुलिस अधिकारियों का भी सहयोग लिया जाएगा। ब्रीफिंग के दौरान एडीजी (कानून-व्यवस्था) वी. मुरुगेशन ने कहा कि चारधाम यात्रा के बीच कांवड़ मेले का आयोजन एक बड़ी चुनौती है। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने पुलिस बल को असामाजिक तत्वों, डीजे में भड़काऊ गानों और सोशल मीडिया पर किसी भी अफवाह या छोटी घटना को तूल देने की कोशिशों के प्रति बेहद सतर्क रहने के निर्देश दिए। आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे ने हरकी पैड़ी पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने तथा ट्रैफिक प्लान को सख्ती से लागू करने पर बल दिया। गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने जवानों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार रखने की सीख दी, जबकि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अन्य विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मानसून के मौसम को देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान टॉर्च और रेनकोट साथ रखने की सलाह दी। उन्होंने जवानों को सतर्क करते हुए कहा कि लंबी और थकाऊ ड्यूटी के दौरान संयम और भक्तिभाव बनाए रखें तथा किसी भी उकसावे या आक्रोश पर नियंत्रण रखें, ताकि कोई छोटी घटना बड़ा रूप न ले सके।