गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आज! मणिपुर के हालात पर होगी चर्चा

Spread the love

मणिपुर में पिछले डेढ़ महीने से जारी हिंसा और तनाव की स्थिति पर चर्चा के लिए आज सर्वदलीय बैठक होगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से यह बैठक बुलाई गई है। विपक्ष लंबे समय से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग कर रहा था। मणिपुर में हिंसा की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को एक बार फिर अज्ञात बंदूकधारियों ने फायरिंग की। इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है। महिलाओं का एक बड़ा समूह सेना की आवाजाही में बाधा डालकर उपद्रवियों की ढाल बन रहा है । भारतीय सेना की स्पीयर कोर ने इसकी जानकारी दी।

इंफाल पूर्व में उरंगपत/येंगांगपोकपी (वाईकेपीआई) और कांगपोकपी के इलाकों में सशस्त्र बदमाशों ने दोपहर में गोलीबारी की। हथियारबंद बदमाशों का एक समूह वाईकेपीआई से पहाड़ी की ओर इलाके में घुसा। उन्होंने उरंगपत और ग्वालताबी गांवों की ओर स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की। महिला प्रदर्शनकारियों का एक बड़ा समूह क्षेत्र में अतिरिक्त टुकड़ियों की आवाजाही में बाधा डाल रहा है। सेना ने सशस्त्र उपद्रवियों को रोकने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 2 पर नाकेबंदी की है। शांति बहाली के लिए शुक्रवार को भी कई जिलों में तलाशी अभियान जारी रहा। सुरक्षा बलों के संयुक्त तलाशी अभियान में अब तक कुल 1,095 हथियार, 13,702 गोला-बारूद और विभिन्न प्रकार के 250 बम बरामद किए गए हैं। पुलिस और सेना का संयुक्त अभियान जल्द…मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि समझौतों का उल्लंघन करने वाले एसओओ समूहों और सभी सशस्त्र समूहों के खिलाफ पुलिस और केंद्रीय बल बहुत जल्द संयुक्त अभियान शुरू करेंगे।