चंद्रयान-3ः चांद पर प्रज्ञान रोवर की चहलकदमी जारी! तीन में से दो टारगेट किए पूरे, बुधवार को भेजी विशेष तस्वीर

Spread the love

नई दिल्ली। चांद पर चंद्रयान-3 के प्रज्ञान रोवर की चहलकदमी लगातार जारी है। खबरों की मानें तो रोवर रोजाना करीब 50 मीटर सफर कर रहा है। प्रज्ञान रोवर चंद्रयान-3 के लैंडिंग पॉइंट यानी शिव शक्ति पॉइंट के आसपास से जानकारी और तस्वीरें इसरो को भेज रहा है। बुधवार को प्रज्ञान रोवर ने विक्रम लैंडर की तस्वीर भेजी। इस तस्वीर में लैंडर चांद पर पैर जमाए दिखाई दे रहा है। वहीं अब तक रोवर ने चांद पर मौजूद कई तत्वों और धातुओं की खोज की है। इसरो के अनुसार चांद के साउथ पोल पर सल्फर, ऑक्सीजन समेत कई रासायनिक तत्व मौजूद हैं। चंद्रयान-3 मिशन के ‘प्रज्ञान’ रोवर ने बुधवार को ‘विक्रम’ लैंडर की एक तस्वीर खींची। इसरो ने इस तस्वीर को साझा किया है। तस्वीर रोवर पर लगे नैविगेशन कैमरा (नैवकैम) से ली गई है। इसरो ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, स्माइल प्लीज। प्रज्ञान रोवर ने विक्रम लैंडर की तस्वीर खींची है। चंद्रयान-3 मिशन के लिए नैवकैम को इसरो की इकाई इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम लैबोरेट्री (एलईओएस) ने विकसित किया है। लैंडर और रोवर को एक चंद्र दिवस (पृथ्वी के 14 दिन के बराबर) तक काम करने के लिए तैयार किया गया है। इसरो ने कहा है कि चंद्रयान-3 मिशन के तीन उद्देश्यों में से दो हासिल कर लिए गए हैं। ये हैं : चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित सॉफ्ट लैंडिंग और चंद्र सतह पर रोवर की चहलकदमी। चंद्रमा की सतह पर वैज्ञानिक प्रयोगों से संबंधित तीसरे लक्ष्य को पूरा करने का काम चल रहा है। प्रज्ञान रोवर ने चांद पर कई तत्वों की खोज की है। इसरो के मुताबिक चांद के साउथ पोल पर प्रज्ञान ने एल्युमीनियम (Al), कैल्शियम (ca), लौह (Fe), क्रोमियम (Cr), टाइटैनियम (Ti), मैंगनीज (Mn), सिलिकॉन (Si), सल्फर (S) और ऑक्सीजन (O) का पता लगाया गया है। अब प्रज्ञान रोवर चांद पर हाइड्रोजन की खोज कर रहा है। अगर वो इसमें सफल हो गया तो चांद पर पानी की खोज पूरी हो जाएगी।