नैनीतालः बारिश ने बढ़ाई दुश्वारियां! एक दर्जन से अधिक घरों पर मंडराया खतरा, प्रशासन ने दिया नोटिस

Spread the love

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में देर रात से हो रही बारिश के चलते चार्टन लाज क्षेत्र में हुए भूस्खलन से एक दर्जन से अधिक घरों पर खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय लोगों की मानें तो बीती रात से हो रही बारिश से हुए भूस्खलन के चलते रात जागकर गुजारनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते वर्ष वर्षाकाल के दौरान क्षेत्र में हुए भीषण भूस्खलन से कई घरों को नुकसान पहुंचा था। जिसके बाद प्रशासन द्वारा भूस्खलन क्षेत्र में जियो बैग में मिट्टी डालकर अस्थायी उपचार किया गया। लेकिन 1 वर्ष बीत जाने के बाद इसका अभी तक स्थायी समाधान नही हुआ। अब बारिश के दौरान प्रशासन द्वारा उन्हें घरों को खाली करने का फरमान जारी किया है। वहीं मौके पर पहुंचे तहसीलदार संजय कुमार का कहना है कि उन्होंने मौका मुआयना कर खतरे की जद में आ रहे लोगों को नोटिस जारी कर घरों को खाली करने का नोटिस दिया है, ताकि लोगों को खतरे से बचाया जा सके।