लखनऊ। प्रदेश में हमारी सरकार सत्ता में आई तो लोगों को 300 यूनिट मुफ्त में बिजली मिलेगी। यह बात सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कही। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने एक और बड़ा ऐलान किया है। किसानों को अपने पाले में करने के लिए अखिलेश ने कहा है कि सपा सरकार बनने पर पूरी सिंचाई मुफ्त में होगी। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुकाबला नहीं कर पाने की वजह से भाजपा अब उनके कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसाने लगी है। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा की सरकार आई है तब से सबसे ज्यादा समाजवादी पार्टी के लोगों पर मुकदमा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को परेशान एवं अपमानित करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा जा रहा है। हाल में इत्र व्यापारियों पर हुई छापेमारी को लेकर अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि एक छापा ऐसा पड़ा कि देश के लोग नोटों की गड्डीयां देख रहे थे। हमने देखा कि कहीं इससे (कानपुर का इत्र व्यापारी) हमारा संबंध तो नहीं। पक्का हुए तब कहा कि यह डिजीटल इंडिया की गड़बड़ी है। इनको (BJP) छापा समाजवादियों के यहां मारना था और छापा मारा अपने लोगों पर उन्होंने कहा कि पीयूष जैन पर छापा पड़ा और जब सच्चाई सामने आई तो भारतीय जनता पार्टी खुद बदनाम हो गई।
Anil Kumar
Editor