नर्मदा की पूजा और मुगलों से लड़ने वाली रानी दुर्गावती को श्रद्धांजलि, जबलपुर में हिंदुत्व की राह चलेंगी प्रियंका!

Spread the love

जबलपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज मध्यप्रदेश में चुनावी बिगुल फूंकने पहुंच रही हैं। जबलपुर में प्रियंका गांधी की जनसभा है। इस जनसभा से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ग्वारीघाट में नर्मदा नदी की पूजा-अर्चना भी करेंगी। इसके अलावा मुगलों से लड़ते हुए जान गंवाने वाली रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर भी प्रियंका गांधी माल्यार्पण करेंगी। प्रियंका के ये दोनों कदम हिंदुत्व के एजेंडे को भी सूट करते हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी वाड्रा मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर कर्नाटक जैसी 5 गारंटी लागू करने का एलान कर सकती हैं। इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को भी लागू करने का वादा प्रियंका गांधी जबलपुर की जनसभा में करने जा रही हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ हालांकि राज्य की जनता के लिए 5 वादे पहले ही कर चुके हैं। इनमें मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी, महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए देने का वादा भी शामिल है।

 

जबलपुर जिले और आसपास काफी तादाद में आदिवासी रहते हैं। माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी वाड्रा उनके मुद्दे भी अपनी जनसभा में उठाएंगी। आदिवासियों को जमीनों से महरूम किए जाने का आरोप मध्यप्रदेश कांग्रेस काफी समय से लगाती रही है। सुबह करीब 10.30 बजे से प्रियंका गांधी का जबलपुर दौरा शुरू होने जा रहा है। कर्नाटक की तर्ज पर मध्यप्रदेश में बीजेपी की सरकार को हटाने के इरादे से कांग्रेस अपने बड़े नेताओं के दौरे करवाने की शुरुआत प्रियंका गांधी से करने जा रही है। हालांकि, मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ बीजेपी के नेताओं का कहना है कि राज्य में फिर कांग्रेस सरकार नहीं बना पाएगी। मध्यप्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

cm shivraj 12

बीते दिनों मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहना योजना शुरू की है। इसके तहत हर महीने मध्यप्रदेश की महिलाओं को 1000 रुपए दिए जा रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान ने एलान किया है कि इस राशि को वो जल्दी ही बढ़ाकर 3000 रुपए कर देंगे। माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी की आज की जबलपुर जनसभा के बाद बीजेपी की तरफ से भी कई और लोकलुभावन योजनाएं शुरू की जा सकती हैं।