केदारनाथ धाम के ठीक ऊपर फिर हुआ हिमस्खलन, मंदिर सुरक्षित, रौंगटे खड़े करने वाला वीडियो वायरल

Spread the love

केदारनाथ। केदारनाथ धाम के ठीक ऊपर एक बार फिर से एवलांच हुआ है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। दरअसल, हिमालय क्षेत्र में आज सुबह फिर हिमस्खलन हुआ है, लेकिन केदारनाथ मंदिर को कोई नुकसान नहीं हुआ। वायरल वीडियो में बहुत ही तेजी के साथ बर्फ का गुम्बारा आगे बढ़ रहा है। ये वीडियो हेलीकॉप्टर से लिया गया है और आज सुबह का ही बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन इस बारे में अभी कुछ नही बता पा रहा है कि ये वीडियो कब का है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि केदारनाथ की पहाड़ियों पर हिमस्खलन हुआ है, लेकिन मंदिर सुरक्षित है। मंदिर को कोई नुकसान नहीं हुआ है। वीडियो में देख सकते हैं बहुत ही तेजी के साथ बर्फ का गुम्बारा आगे बढ़ रहा है। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में 22 सितंबर की शाम करीब साढ़े 6 बजे चोराबाड़ी ग्लेशियर के कैचमेंट में एवलॉन्च आया था। हालांकि, तब भी कोई नुकसान नहीं हुआ था। शासन प्रशासन इसके बाद से एवलॉन्च को लेकर अलर्ट था। केदारनाथ मंदिर के पीछे करीब 5 किलोमीटर की दूरी पर चोराबाड़ी ग्लेशियर स्थित है, वहीं एवलॉन्च आया था।

चोराबारी ग्लेशियर वही ग्लेशियर है जिसने साल 2013 में उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में भारी तबाही मचाई थी। केदारनाथ आपदा की खौफनाक तस्वीरें अब भी रोंगटे खड़े कर देती हैं। यह घटना दुनिया में सदी की सबसे बड़ी जल प्रलय से जुड़ी घटनाओं में से एक थी। 16 जून 2013 की उस रात केदारनाथ मंदिर के ठीक पीछे 13 हजार फीट ऊंचाई पर चौराबाड़ी झील ने ऐसी तबाही मचाई थी, जिसके कारण हजारों लोगों की जिंदगियां तबाह हो गईं। झील फटने के कई किलोमीटर दूर तक भी लोगों को कुछ सेकंड संभलने का मौका भी नहीं मिल सका था। पानी के तेज वेग में कई क्विंटल भारी पत्थर इस जल प्रलय के साथ बहते हुए सब कुछ तबाह कर गए थे।