सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के फिर बिगड़े बोल, साधु संतों को आतंकी और कसाई बताया, देखिए वीडियो

Spread the love

लखनऊ। रामचरितमानस पर विवादित बयान देने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य के बोल एक बार फिर बिगड़े हैं। अब स्वामी प्रसाद ने साधु-संतों को कसाई कह दिया है। मौर्य के इस बयान का वीडियो सामने आया है। वो मीडिया से बातचीत में साधु-संतों को आतंकवादी भी बताते दिख रहे हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य को वीडियो में कहते सुना जा सकता है कि सुना था कि पहले साधु-संत नाराज नहीं होते थे। अगर नाराज होते थे, तो श्राप देते थे। वो आगे कहते हैं कि लगता है अब साधु-संतों को अपने आराध्य और ताकत पर भरोसा नहीं है।

स्वामी प्रसाद मौर्य अपने बयान में आगे कहते हैं कि साधु-संत अब सिर काटने की बात कहने लगे हैं। उन्होंने इसे आतंकवादियों से जोड़ा और फिर कहा कि साधु-संतों की ये भाषा कसाई की तरह है। बता दें कि रामचरितमानस पर जब स्वामी प्रसाद मौर्य ने विवादित बयान दिया था, तो नाराजगी में कुछ संतों ने उनके सिर पर इनाम घोषित कर दिया था। इसी को आधार बनाकर स्वामी प्रसाद ने संतों के बारे में पलटकर विवादित बयान देते हुए उनकी तुलना आतंकवादियों और कसाई से कर दी है। मौर्य के ताजा बयान से विवाद और गहराने के आसार हैं।

स्वामी प्रसाद मौर्य ने बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के रामचरितमानस पर दिए विवादित बयान के बाद खुद भी विवाद पैदा किया था। उनका कहना है कि रामचरितमानस की कुछ चौपाइयों से दलितों, पिछड़ों और महिलाओं का अपमान होता है। मौर्य ने इन चौपाइयों को हटाने या संशोधित करने की मांग की है। इसे लेकर सपा में भी उनका जमकर विरोध हो रहा है। सपा के अमेठी से विधायक राकेश प्रताप सिंह और प्रवक्ता रोली मिश्रा तिवारी ने मौर्य के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुप्पी साध रखी है। अब मौर्य के ताजा बयान से फिर हंगामा मचना तय माना जा रहा है।