Feb 04, 2026

उत्तराखंड में सतत विकास के लिए इकोलॉजी और इकोनॉमी का संतुलन बनाता बजट

post-img

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026 को देश के भविष्य के लिए ऐतिहासिक और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार है। हल्द्वानी के अमनदीप होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के दूरदर्शी विजन से तैयार यह बजट देश के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक आंकड़ों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने की स्पष्ट सोच का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि बजट में किए गए ग्रामीण विकास से जुड़े प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देंगे। इससे ग्रामीण युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सीएम ने कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास पर केंद्रित योजनाओं से उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी जैसे उभरते शहरों को सीधा लाभ मिलेगा। सड़क और रेल कनेक्टिविटी में निवेश से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, जिससे पर्यटन, व्यापार और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई गति मिलेगी। मातृशक्ति के सशक्तिकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में वर्किंग वुमन हॉस्टल खोलने की घोषणा एक क्रांतिकारी कदम है। इससे बेटियों को शिक्षा और रोजगार के लिए सुरक्षित वातावरण मिलेगा। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को बाजार से जोड़ने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने से नारी शक्ति की आर्थिक भागीदारी और मजबूत होगी।युवाओं के लिए शिक्षा से रोजगार और उद्यमिता को जोड़ने के उद्देश्य से उच्च स्तरीय समिति के गठन को मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं के कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही, उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए ग्रीन एनर्जी और ग्रीन इकोनॉमी पर विशेष फोकस राज्य की प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के साथ आर्थिक विकास को संतुलन देगा। सीएम धामी ने आयुष, फार्मा, हथकरघा, खादी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए बजट प्रावधानों की सराहना की। उन्होंने 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप उत्तराखंड के हितों का ध्यान रखने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया और विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट राज्य को पर्यटन, निवेश और निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।