Aug 01, 2026

रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर भारी कार्रवाई, रिकॉर्ड अभियान जारी

post-img

रांची। राजधानी रांची में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने जुलाई महीने में अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया। एक महीने तक चले विशेष जांच अभियान के दौरान 1,20,197 वाहनों का चालान काटा गया, जबकि करीब 7.80 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा गंभीर नियम उल्लंघन करने वाले 984 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा भी की गई है।

रांची एसएसपी के निर्देश पर ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक शहर के सभी ट्रैफिक थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और टोटो समेत सभी प्रकार के वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान 1,015 मामलों में अभियोजन (प्रोसिक्यूशन) के लिए न्यायालय में भी मामला भेजा गया। जुलाई के आंकड़े बताते हैं कि राजधानी में सबसे बड़ी समस्या बिना हेलमेट वाहन चलाना और नो-पार्किंग रही। बिना हेलमेट चलने पर 51,055 चालान, जबकि नो-पार्किंग और सड़क पर वाहन खड़ा करने पर 56,032 चालान काटे गए। यानी केवल इन दो श्रेणियों में ही एक लाख से अधिक कार्रवाई हुई। ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि अवैध पार्किंग शहर में जाम की सबसे बड़ी वजह बन रही है। इसके अलावा रेड लाइट जंप करने वाले 4,471, ओवरस्पीड में 2,367, नो-एंट्री उल्लंघन के 1,547, अतिरिक्त सवारी बैठाने के 710, गलत दिशा में वाहन चलाने के 648, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 505, बिना यूनिफॉर्म व्यावसायिक वाहन चालकों के 393, बिना सीट बेल्ट के 237, फैंसी नंबर प्लेट के 217 और बिना बीमा के 180 चालान किए गए। ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा कसा। इस दौरान 62 शराब पीकर वाहन चलाने, 64 ट्रिपल राइडिंग, 115 प्रेशर हॉर्न, 101 मॉडिफाइड साइलेंसर, 252 बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र, 24 ब्लैक फिल्म, तथा ऑटो-टोटो और नंबर प्लेट से जुड़े कई मामलों में भी कार्रवाई की गई। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, रेड लाइट और नो-एंट्री नियमों का सम्मान करने तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन ही सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित शहर बनाने का सबसे प्रभावी उपाय है।