सूरत। रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र से गुजरात आ रहे एक ही परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। सूरत जिले के बारडोली तालुका में चार अज्ञात और संदिग्ध हमलावरों ने एक परिवार के छह सदस्यों का अपहरण कर उन्हें उकाई-काकरापार नहर के गहरे पानी में फेंक दिया। इस हृदयविदारक घटना में माता-पिता और उनकी 9 साल की मासूम बेटी की डूबने से मौत हो गई है, जबकि परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं। वहीं, 13 साल के एक बेटे ने मौत को मात देते हुए नहर से बाहर निकलकर इस पूरी खौफनाक साजिश का पर्दाफाश किया है। मृतकों की पहचान महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एरंडोल निवासी नितिन उर्फ भूरिया पाटिल, उनकी पत्नी कविता और 9 वर्षीय बेटी स्वीटी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, नितिन अपने परिवार के साथ 21 नवंबर को मजदूरी के सिलसिले में एक ईको गाड़ी से सूरत के लिए निकले थे। बारडोली तालुका के उवा गांव के पास एक अन्य कार में सवार चार लोगों ने उनकी गाड़ी को जबरन रोक लिया। आरोपियों ने परिवार को दो अलग-अलग वाहनों में बैठाया और उकाई लेफ्ट बैंक नहर के पास ले जाकर सभी को गहरे पानी में फेंक दिया। पानी में गिरते ही 13 वर्षीय करण पाटिल के हाथ नहर के भीतर लगा एक लोहे का पाइप आ गया। उसने पूरी ताकत से पाइप को पकड़े रखा और काफी देर तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया। बाहर आकर बदहवास हालत में वह पास के एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा और कर्मचारियों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बारडोली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने नहर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। महुवा तहसील के डूंगरी गांव के पास नहर से नितिन, कविता और बेटी स्वीटी के शव बरामद कर लिए गए हैं। परिवार का 16 वर्षीय बेटा और 2 साल का मासूम बच्चा अभी भी लापता हैं। नहर का बहाव नवसारी और जलालपोर की ओर होने के कारण उन जिलों के थानों को भी अलर्ट कर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। इस मामले में मृतका कविता की 25 वर्षीय बड़ी बेटी ने बारडोली ग्रामीण थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से तीन को नामजद किया गया है। सूरत ग्रामीण के एसपी राजेश गढ़िया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी एसपी और एएसपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में 6 विशेष टीमें गठित की गई हैं। करीब 60 से 65 पुलिसकर्मी सीसीटीवी फुटेज खंगालने और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। महाराष्ट्र की जलगांव पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर आरोपियों ने पूरे परिवार को मौत के घाट उतारने की कोशिश क्यों की और इसके पीछे कोई पुराना पारिवारिक विवाद है या कोई अन्य रंजिश।
Trending
11 माह के बच्चे और मां से मारपीट के मामले में हल्द्वानी पुलिस से जांच और गिरफ्तारी की मांग
सूरत में चमत्कारी बचाव: नहर के गहरे पानी में जिंदगी और मौत से लड़कर बाहर निकला 13 साल का मासूम
अंकिता भंडारी न्यूज़: न्याय की मांग को लेकर राजधानी देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठे माता-पिता
कैसे आशा कार्यकर्ता ने दुर्गम रास्ते पर बचाई जच्चा-बच्चा की जान, चमोली से सामने आई भावुक तस्वीर
मोरी विकासखंड में लगी आग की भेंट चढ़ा गांव का प्राथमिक विद्यालय और पंचायत भवन
त्याग की अनूठी मिसाल: आध्यात्म की राह पर नंगे पैर चल पड़ीं सिविल जज प्रखर जैन
संत रविदास जयंती वर्ष पर धामी का समरसता संदेश, बोले-कानून की नजर में सभी नागरिक समान
बनबसा से 2027 का शंखनाद: 54 योजनाओं की सौगात के साथ सीएम धामी ने ठोका 'सबसे बड़ी जीत' का दावा
सूरत में चमत्कारी बचाव: नहर के गहरे पानी में जिंदगी और मौत से लड़कर बाहर निकला 13 साल का मासूम
- by Admin
- Nov 25, 2026