रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत लारी-बरलौंग के पास गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक अनियंत्रित कोयला लदे ट्रक ने बैंड पार्टी के कलाकारों को ले जा रहे सवारी वाहन को इतनी भीषण टक्कर मारी कि पूरा इलाका चीखों से गूंज उठा। इस दर्दनाक दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के तीन लोग और दो सगे भाई शामिल हैं। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय ग्रामीणों व परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर है।
दुर्घटना के बाद शुक्रवार सुबह से ही रामगढ़ सदर अस्पताल परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मृतकों के परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। जिला प्रशासन, पुलिस बल और डॉक्टरों की टीम लगातार अस्पताल में मुस्तैद है। पुलिस द्वारा सभी शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है। अनोद कुमार (31 वर्ष),डेविड करमाली (28 वर्ष),पप्पू करमाली (18 वर्ष),पवन करमाली (23 वर्ष),अशोक डोम (45 वर्ष),शक्ति डोम (34 वर्ष) हेमंत कुमार महतो (25 वर्ष), मनीष कुमार (22 वर्ष),अशोक और शक्ति दोनों सगे भाई थे। परिजनों के अनुसार, मृतकों में एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं, जिससे हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह बिखर गया है। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सुबह रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। मौके पर रजरप्पा थाना प्रभारी और रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास भारी पुलिस बल के साथ स्थिति को संभालने पहुंचे। ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी के समक्ष पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल उचित मुआवजे की मांग रखी है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि यदि प्रशासन ने मुआवजे पर त्वरित और ठोस निर्णय नहीं लिया, तो वे शवों को सड़क पर रखकर उग्र आंदोलन और चक्का जाम करने को बाध्य होंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आजसू के जिला अध्यक्ष दिलीप दांगी भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों ढाढस बंधाया। उन्होंने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, "प्रशासन को अब तक संवेदनशील और संवैधानिक रुख अपनाते हुए परिजनों से सीधी बात करनी चाहिए थी। सरकारी प्रावधानों के तहत तुरंत मुआवजे का आश्वासन या भुगतान किया जाना चाहिए था, लेकिन प्रशासन की ढुलमुल नीति के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। इस हृदयविदारक घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, "रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के पास सड़क हादसे में लोगों के मरने की दुःखद खबर से मन व्यथित है। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दुःख की यह घड़ी सहन करने की शक्ति दें।" फिलहाल प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने और परिजनों को समझाने के प्रयास में जुटा हुआ है।