Mar 07, 2026

पर्वतीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था होगी मजबूत; टिहरी झील में पर्यटन विस्तार के लिए बुनियादी ढांचा तैयार

post-img

टिहरी झील के किनारे शुक्रवार को ‘हिमालयन-O₂ 2026’ लेक फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पर्यटक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य साहसिक पर्यटन, आध्यात्मिक पर्यटन और वेलनेस टूरिज्म के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि टिहरी झील अब देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनती जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि पर्यटन को बढ़ावा देकर ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड पर्यटन क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। महोत्सव के दौरान टिहरी झील में विभिन्न साहसिक गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इससे न केवल पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी, बल्कि स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को भी बढ़ावा मिलेगा। आयोजन के माध्यम से टिहरी को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़क, परिवहन और अन्य सुविधाओं के विकास से पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजन भविष्य में भी पर्यटन को नई दिशा देने का काम करेंगे। टिहरी में आयोजित ‘हिमालयन-O₂ 2026’ लेक फेस्टिवल से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका भी मजबूत होगी।