May 09, 2026

बदरीनाथ धाम पहुंचे राज्यपाल गुरमीत सिंह, भगवान बदरीविशाल के चरणों में नवाया शीश,देश की सुख-समृद्धि के लिए की विशेष पूजा

post-img

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने शनिवार को भू-वैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की और प्रदेश व समस्त देशवासियों के कल्याण, सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए मंगल कामना की।

मंदिर परिसर में दर्शन के उपरांत राज्यपाल ने धाम की दिव्यता और वहां व्याप्त आध्यात्मिक शांति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा, "बदरीनाथ धाम न केवल देश, बल्कि पूरी दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां आकर जो आत्मिक शांति मिलती है, वह अद्भुत है।" उन्होंने चारधाम यात्रा को उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की रीढ़ बताया। राज्यपाल के धाम पहुंचने पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने उनका भव्य स्वागत किया। दर्शन के पश्चात मंदिर समिति की ओर से उपाध्यक्ष ने राज्यपाल को भगवान बदरीविशाल का पवित्र प्रसाद, तुलसी माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। राज्यपाल ने श्रद्धालुओं के लिए मंदिर समिति और जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुगम यात्रा के लिए सरकार और प्रशासन निरंतर सेवा भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए बीकेटीसी, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की पीठ थपथपाई। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यपाल ने धाम में मौजूद श्रद्धालुओं से भी बातचीत की और यात्रा के अनुभवों को साझा किया। राज्यपाल का यह दौरा यात्रा सीजन के दौरान व्यवस्थाओं का मनोबल बढ़ाने वाला माना जा रहा है।