उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों का दुख-दर्द बांटने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांव का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि बर्फबारी शुरू होने से पहले गांव को फिर से आबाद करने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि इस अग्निकांड में लोगों ने अपने आशियानों के साथ-साथ मवेशियों और छह महीने के लिए जमा किए गए राशन को भी खो दिया है। आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार की ओर से प्रत्येक प्रभावित परिवार को नया घर बनाने के लिए 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, जब तक नए घरों का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक सरकार प्रभावित परिवारों के रहने के लिए किराए की व्यवस्था भी करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी बर्फबारी को देखते हुए बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल और पर्याप्त राशन की व्यवस्था करना सरकार की पहली प्राथमिकता है। मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष कई बुनियादी मांगें रखीं। प्रभावितों ने गांव में पानी के टैंकर की व्यवस्था करने, किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित मदद के लिए हेलीपैड बनाने और संचार व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मोबाइल टावर लगाने की मांग की। इससे पूर्व जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विधायक दुर्गेश्वर लाल और ब्लॉक प्रमुख रणदेव राणा के साथ प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि आग में उनके घरों के साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक और जमीन के जरूरी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए हैं। इस समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को एक दिसंबर से गांव में ही विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीणों के सभी महत्वपूर्ण अभिलेख मौके पर ही दोबारा बनाए जा सकें और उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
Trending
एयरपोर्ट पहुंचने के बाद थमाया गया कारण बताओ नोटिस, सौरव दास के वकील ने कोर्ट में सरकारी प्रक्रिया पर जताया ऐतराज
कालसी क्षेत्र में टोंस नदी में वाहन समाने की सूचना पर मौके पर पहुंचा बचाव दल, रेस्क्यू जारी
भीषण अग्निकांड के बाद पवाणी के ग्रामीणों ने आपातकालीन हेलीपैड और मोबाइल टावर लगाने की उठाई मांग
जलसा से लेकर मुंबई मेट्रो तक: ताजा बम धमकी ईमेल में शामिल हैं शहर के ये प्रमुख स्थान
आधुनिक खेती की चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिकों ने एआई तकनीक के समावेश को बताया जरूरी
हस्ताक्षर अभियान के बाद उत्तराखंड कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपा जनता के हस्ताक्षरों का पुलिंदा
देवभूमि परिवार योजना में वरिष्ठ महिला को बनाया परिवार का मुखिया: सीएम धामी
11 माह के बच्चे और मां से मारपीट के मामले में हल्द्वानी पुलिस से जांच और गिरफ्तारी की मांग
भीषण अग्निकांड के बाद पवाणी के ग्रामीणों ने आपातकालीन हेलीपैड और मोबाइल टावर लगाने की उठाई मांग
- by Admin
- Nov 26, 2026