उत्तराखण्डः खेलों के विकास के लिए हर तीन माह में होगी समीक्षा! सीएम धामी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, कहा- प्राथमिकता से होगा समस्याओं का निराकरण

Spread the love

देहरादून। प्रदेश स्तर पर खेलों के विकास के संबंध में हर तीन महीने में समीक्षा की जायेगी और खिलाड़ियों की हर समस्या का निराकरण किया जायेगा। यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कही। उन्होंने खिलाड़ियों व खेल से जुड़े व्यक्तियों से संवाद किया और उन्हें सम्मानित भी किया। सीएम धामी ने कहा कि राज्य में जनसंवाद पर आधारित विकास का माडल तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। बजट की रूपरेखा तैयार करने में बोधिसत्व विचार श्रृंखला में प्राप्त सुझावों को शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि खेलों में राज्य की विशिष्ट पहचान बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए खेल नीति तैयार की गई है। खेलों का रोडमैप तैयार करने, खेलों की बेहतरी और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यकता होने पर खेल नीति में संशोधन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2025 में खेलों में उत्तराखंड आदर्श राज्य बने, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। राज्य में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां का वातावरण लगभग सभी खेलों के लिए अनुकूल है। सामान्य परिस्थिति में जीवन यापन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की समस्याओं से वह अवगत हैं। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से उत्तराखंड को आदर्श एवं विकसित राज्य बनाना है।