रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग को आज 6 दिन हो गए हैं, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद हालात सुधरने के बजाए बिगड़ते ही जा रहें हैं। रूस के हमले से यूक्रेन को काफी नुकसान पहुंचा है। रूसी सेना ने यूक्रेन के कई इलाकों में आक्रमण किया है। जिसमें दोनों पक्षों के सैनिकों के साथ आम यूक्रेनी नागरिक भी मारे गए हैं। वहीं अब यह जंग इस कदर भयावह हो गई है। वहीं इस जंग में एक भारतीय छात्र की भी मौत हो गई है। मृतक छात्र का नाम नवीन था जो कर्नाटक का रहने वाला था। इस घटना के बाद से यूक्रेन में मौजूद भारतीय छात्रों में डर का माहौल और भी बढ़ गया हैं। जिसपर भारतीय छात्रों ने दूतावास से मदद की गुहार लगाई गई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने छात्र की मौत की पुष्टि की है। अरिंदम ने ट्वीट कर कहा, ‘हम बेहद दुख के साथ इस बात की पुष्टि करते हैं कि एक भारतीय छात्र को खारकीव में आज सुबह गोलीबारी में अपनी जान गंवानी पड़ी है। मंत्रालय मृतक छात्र के परिवार के संपर्क में है।’

इस बीच विदेश मंत्रालय की ओर से यूक्रेन की राजधानी कीव में रह रहे भारतीयों को एक बार फिर से चेतावनी जारी गई है। यूक्रेन स्थित दूतावास ने भारतीयों को एडवाइजरी जारी की है कि वे तत्काल कीव छोड़ दें और किसी भी साधन से बाहर निकलें।
वहीं यूक्रेन की राजधानी कीव को रूस की सेना ने घेर लिया है। 64 किलोमीटर लंबा रूसी सेना का काफिला राजधानी के बाहर डटा हुआ है। कहा जा रहा है कि कभी भी रूस की ओर से कीव पर बड़ा हमला किया जा सकता है। ऐसे में कीव को छोड़ना ही लोगों के लिए बेहतर और सुरक्षित माना जा रहा है।
कीव और खारकीव के बीच स्थित यूक्रेन के शहर ओखिरका में रूसी सेना के हमले में यूक्रेन के 70 सैनिक मारे गए हैं।
दूसरी ओर रूसी सेना ने कीव, खार्किव और चेर्निहाइव में तोपों से हमले तेज कर दिए है, जिसमें रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया जा रहा हैं, जिस कारण वहां आम नागरिकों पर खतरा और गहरा गया है।