नई दिल्ली। भारत – श्रीलंका का द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास SLINEX (श्रीलंका-भारत नौसेना अभ्यास) की शुरुआत आज हो चुकी हैं। ये अभ्यास 07 मार्च से 10 मार्च तक विशाखापत्तनम में आयोजित किया जाएगा। यह अभ्यास दो चरणों में आयोजित होगा जिसमें पहला चरण 7-8 मार्च को विशाखापत्तनम में हार्बर चरण के बाद बंगाल की खाड़ी में 9-10 मार्च को होगा।
श्रीलंका नौसेना का प्रतिनिधित्व एक उन्नत अपतटीय गश्ती पोत एसएलएनएस सयूराला और भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व आईएनएस किर्च, एक निर्देशित मिसाइल कार्वेट द्वारा किया जाएगा। भारतीय नौसेना के अन्य प्रतिभागियों में आईएनएस ज्योति, एक फ्लीट सपोर्ट टैंकर, एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच), सीकिंग और चेतक हेलीकॉप्टर और डोर्नियर मैरीटाइम पेट्रोल एयरक्राफ्ट शामिल हैं। SLINEX का पिछला संस्करण अक्टूबर 2020 में त्रिंकोमाली में आयोजित किया गया था।

SLINEX का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच बहुआयामी समुद्री संचालन के लिए अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाना, आपसी समझ में सुधार और सर्वोत्तम प्रथाओं और प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान करना है। हार्बर चरण में पेशेवर, सांस्कृतिक, खेल और सामाजिक आदान-प्रदान शामिल होंगे। समुद्री चरण के दौरान अभ्यासों में सतह और वायु-रोधी हथियार फायरिंग अभ्यास, सीमैनशिप विकास, क्रॉस डेक फ्लाइंग सहित विमानन संचालन, उन्नत सामरिक युद्धाभ्यास और समुद्र में विशेष बल संचालन शामिल होंगे। ये दोनों नौसेनाओं के बीच पहले से मौजूद अंतर-संचालन के उच्च स्तर को और बढ़ाएंगे।
SLINEX भारत और श्रीलंका के बीच गहरे समुद्री जुड़ाव का उदाहरण है और पिछले कुछ वर्षों में भारत की ‘पड़ोसी पहले’ की नीति और ‘क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास’ के माननीय प्रधान मंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप आपसी सहयोग को मजबूत करने का दायरा बढ़ा है।