नई दिल्ली। कोरोना के बढ़ते मामलों से जहां दहशत का माहौल बन रहा है वहीं बड़े शहरों से एक बार फिर पलायन होने लगा है। लोग लॉकडाउन लगने के डर से अपने-अपने गांव-घरों को पलायन करने लगे हैं। मुंबई में रेलवे स्टेशनों पर इन दिनों खासी भीड़ देखने को मिल रही है। प्रवासी मजदूर तेजी के साथ यहां पलायन कर रहे हैं। हालात यह हैं रेलवे स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ रहा है। बता दें कि मुंबई में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के 20 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। ऐसे में टोटल लॉकडाउन की चर्चा से प्रवासी और खासतौर पर मजदूर बेहद डरे हुए हैं। गुरुवार रात से ही मुंबई के लोकमान्य तिलक स्टेशन पर प्रवासियों की भीड़ उमड़ने लगी थी। मुंबई में कुर्ला के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से ही उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाली ज्यादातर ट्रेनें रवाना होती हैं। मुंबई के प्रवासियों में बड़ी संख्या इन्हीं इलाके के लोगों की है। ऐसे में लोकमान्य टर्मिनस पर गुरुवार रात 8 बजे से ही भीड़ बढ़ने लगी थी। इसमें ज्यादातर मजदूर वर्ग के लोग थे, जो शुक्रवार सुबह की ट्रेन के लिए लॉकडाउन के डर से देर रात ही स्टेशन पहुंच जाए थे।
Anil Kumar
Editor