नई दिल्ली। पिछले 24 घंटों में 90 लाख से अधिक वैक्सीन की खुराक देने के साथ ही भारत का कोविड-19 टीकाकरण कवरेज आज सुबह 7 बजे तक अंतिम रिपोर्ट के अनुसार 150.61 करोड़ से अधिक हो गया। इस उपलब्धि को 1,60,89,073 टीकाकरण सत्रों के जरिये प्राप्त किया गया है। पिछले 24 घंटों में 40,895 रोगियों के ठीक होने के साथ ही स्वस्थ होने वाले मरीजों (महामारी की शुरुआत के बाद से) की कुल संख्या बढ़कर 3,44,12,740 हो गई है। नतीजतन, भारत में स्वस्थ होने की दर 97.30 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में 1,41,986 नए मरीज सामने आए हैं। वर्तमान में 3,72,169 सक्रिय रोगी हैं। वर्तमान में ये सक्रिय मामले देश के कुल पुष्टि वाले मरीजों का 1.34 प्रतिशत हैं। देश भर में जांच क्षमता का विस्तार लगातार जारी है। भारत ने अब तक कुल 68.84 करोड़ जांच की गई हैं। देश भर में जांच क्षमता को बढ़ाया गया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोविड टीके की 150 करोड़ खुराक लगाने का ऐतिहासिक आंकड़ा पार करने पर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत उन सभी लोगों का आभारी है, जो हमारे टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए काम कर रहे हैं। सिलसिलेवार ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा कि टीकाकरण के मोर्चे पर एक ऐतिहासिक दिन। 150 करोड़ टीके की खुराक देने की उपलब्धि हासिल करने पर देशवासियों को बधाई। हमारे टीकाकरण अभियान ने यह सुनिश्चित किया है कि ज्यादा जिंदगियां बचाई जा सकें। साथ ही साथ, हमें कोविड-19 से संबंधित सभी प्रोटोकॉल का पालन भी करते रहना है। भारत उन सभी का आभारी है जो हमारे टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए काम कर रहे हैं। हम अपने डॉक्टरों, वैज्ञानिकों, नवोन्मेषकों और टीका लगाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को धन्यवाद देते हैं। मैं सभी पात्र लोगों से अपना टीकाकरण कराने का आग्रह करता हूं। आइए, मिलकर कोविड-19 से लड़ें।
Anil Kumar
Editor