No Result
View All Result
नई दिल्ली। क्या प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने का कोई प्रस्ताव है और राहुल गांधी इसका विरोध कर रहे हैं? ये सवाल कांग्रेस पर नजर रखने वाले एक पत्रकार के ताजा ट्वीट से उठ रहा है। पत्रकार आदेश रावल ने अपने ट्वीट में यही संकेत दिए हैं। पत्रकार ने ट्वीट में लिखा है कि कांग्रेस में भी हालात तेजी से बदल रहे हैं। उनका दावा है कि गांधी परिवार के एक व्यक्ति को महासचिव पद से हटाकर कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव पर राहुल गांधी ने आपत्ति जताई है। बता दें कि गांधी परिवार से सिर्फ प्रियंका वाड्रा ही कांग्रेस महासचिव हैं। हालांकि, पत्रकार ने अपने ट्वीट में उनका नाम नहीं लिखा है।

पत्रकार ने अपने ट्वीट में लिखा है कि राहुल गांधी ने गांधी परिवार के सदस्य को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का विरोध किया है। पत्रकार के मुताबिक राहुल गांधी का मानना है कि अगर प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया, तो विपक्षी कहेंगे कि पावर से परिवार दूर नहीं रह पाया। पत्रकार ने लिखा है कि राहुल गांधी की आपत्ति के बाद गांधी परिवार के सदस्य को या तो कांग्रेस कार्यसमिति में ही रखा जाएगा या इस पद के साथ राज्यसभा का सदस्य भी बनाया जा सकता है। उनका ये भी कहना है कि अगर कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया, तो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल के करीबी को संगठन का महासचिव बनाया जा सकता है।

पत्रकार के इस खुलासे पर खबर लिखे जाने तक कांग्रेस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, कई बार ये अटकलें लग चुकी हैं कि कांग्रेस में प्रियंका गांधी वाड्रा को बड़ी भूमिका देने की तैयारी है। इस पर भी कभी कांग्रेस के किसी बड़े नेता या खुद प्रियंका की तरफ से प्रतिक्रिया नहीं दी गई। अब सबकी नजर इस पर है कि गांधी परिवार के बारे में पत्रकार का ये दावा कितना सही बैठता है।
No Result
View All Result