पूरे साल बेसब्री से शिव भक्तों को शिवरात्रि और सावन के महीने का इंतजार रहता है। सावन में पूरे एक महीने भक्त महादेव की भक्ती में लीन रहते हैं। प्रसिद्ध शिव मंदिरों में इस पावन महीने में खास व्यवस्था और तैयारियां की जाती हैं, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु भोलेनाथ को जल चढ़ाने पहुंचते हैं। इस बार भगवान नीलकंठ को प्रसन्न करने के लिए भक्तों को दो महीने का समय मिलेगा। दरअसल, इस साल सावन का महीना एक नहीं बल्कि दो महीने तक का होगा। कहा जा रहा है कि ऐसा दुर्लभ संयोग करीब 19 साल बाद बना है, जब सावन 30 नहीं बल्कि 59 दिनों का होगा।
कब से शुरू हो रहा है सावन 2023
इस साल पावन सावन महीने की शुरुआत 4 जुलाई 2023 से होगी, जो कि 31 अगस्त तक चलेगा। सावन में कावंड़ यात्रा का विशेष महत्व होता है। हर साल सावन में कांवड़िए कांवड़ लेकर शिव मंदिरों में जाते हैं और शंकर जी को जल अर्पित करते हैं। झारखंड के बैद्यनाथ धाम में सावन में श्रावणी मेले का आयोजन किया जाता है, जहां दूर-दूर से शिव भक्त कांवड़ लेकर पहुंचते हैं। बैद्यनाथ धाम शिवजी के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है। इस मंदिर को लेकर कई मान्यताएं प्रचलित हैं।
2023 में सावन 2 महीने का क्यों है?
हर साल सावन एक महीने का ही होता था लेकिन इस बार 2 महीने का है। मालूम हो कि इस बार सावन महीने में मलमास या अधिकमास लग रहा है। इस वजह से सावन 2 महीने का होगा। 18 जुलाई से 16 अगस्त तक सावन अधिकमास रहेगा। सावन में सोमवार पूजा का विशेष महत्व होता है, क्योंकि सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित है। इस बार सावन में 4 की जगह 8 सोमवार होगा।
सावन का पहला सोमवार कब है 2023
- पहला सोमवार- 10 जुलाई 2023
- दूसरा सोमवार- 17 जुलाई 2023
- तीसरा सोमवार- 24 जुलाई 2023
- चौथा सोमवार- 31 जुलाई 2023
- पांचवा सोमवार- 07 अगस्त 2023
- छठा सोमवार- 14 अगस्त 2023
- सातवां सोमवार- 21 अगस्त 2023
- आठवां सोमवार- 28 अगस्त 2023
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। खुलासा इंडिया इसकी पुष्टि नहीं करता है।)