रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में एक भव्य प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। ‘विकास, विश्वास एवं जनकल्याण’ विषय पर आयोजित इस वार्ता में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में जो ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, उसने देश की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल दी हैं। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मूल मंत्र पर चलते हुए केंद्र सरकार ने देश को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अभूतपूर्व कार्य किया है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सशक्त बनाने की सोच के साथ नीतियां तैयार की हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए पक्के आवास, हर घर जल अभियान, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना के जरिए रसोई को धुआं मुक्त बनाना और आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज जैसी क्रांतिकारी योजनाओं ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक और बड़ा बदलाव लाया है। इसके साथ ही किसान सम्मान निधि, जनधन योजना और मुद्रा योजना जैसी पहलों ने आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों को सीधे तौर पर आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री ने देश की बढ़ती आर्थिक और सामरिक ताकत का भी विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की प्रतिष्ठा पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुदृढ़ नेतृत्व में देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य हुई है, जिससे हर नागरिक सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) का रिकॉर्ड गति से विस्तार हुआ है। इसके अलावा डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे फ्लैगशिप अभियानों ने देश की अर्थव्यवस्था को एक नई और आधुनिक गति प्रदान की है, जिसके दम पर भारत आज वैश्विक मंच पर एक लीडर के रूप में उभर रहा है। प्रदीप बत्रा ने जोर देकर कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियां देश के चार प्रमुख स्तंभोंगरीब, युवा, महिला और किसान पर केंद्रित रही हैं। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना, किसानों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाना और गरीब कल्याण सुनिश्चित करना हमेशा से सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। 12 वर्षों का यह कार्यकाल केवल शासन का नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के भीतर 'विकसित भारत' का विश्वास जगाने का कार्यकाल रहा है। इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।