Mar 05, 2026

उत्तराखंड चुनाव से पहले जौलीग्रांट में भाजपा नेताओं की अहम बैठक

post-img

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जौलीग्रांट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

जौलीग्रांट स्थित एक होटल में भाजपा की कोर कमेटी की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसकी अध्यक्षता स्वयं जेपी नड्डा करेंगे। पार्टी आगामी चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ रणनीतिक मंथन में जुटी है। बैठक का मुख्य एजेंडा विधानसभा चुनाव ही है, जिसमें चुनावी रणनीति से लेकर मुद्दों के चयन और बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में पार्टी द्वारा कराए गए पहले चरण के सर्वे की रिपोर्ट भी बैठक में रखी जाएगी। इसमें यह आकलन किया जाएगा कि किन सीटों पर भाजपा की स्थिति मजबूत है और किन क्षेत्रों में अतिरिक्त प्रयास की जरूरत है। साथ ही मौजूदा विधायकों और मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा भी की जाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जो विधायक जिस सीट से निर्वाचित हैं, वहीं से आगामी चुनाव की तैयारी करें। किसी की सीट बदले जाने की संभावना नहीं है। बैठक में यह भी तय किया जाएगा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता किस प्रकार जनता के बीच पहुंचेगा और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक कैसे पहुंचाएगा। स्पष्ट है कि भाजपा चुनावी मोड में आ चुकी है और संगठन से लेकर सरकार तक पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।