देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान' को एक अत्यंत दूरदर्शी, सराहनीय और राष्ट्रहित में ऐतिहासिक कदम बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए देश की युवा शक्ति का स्वस्थ, ऊर्जावान और नशा मुक्त होना बेहद जरूरी है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ का स्वागत करते हुए इसे राष्ट्रहित में एक दूरदर्शी और ऐतिहासिक पहल बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए यह आवश्यक है कि देश की युवा शक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, जागरूक, ऊर्जावान तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से पूरी तरह मुक्त हो। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसके युवा हैं। यदि युवा सकारात्मक सोच, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के साथ आगे बढ़ेंगे तो आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत का लक्ष्य तय समय पर हासिल किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे समाज को जोड़ने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, समाज में संवेदनशीलता बढ़ाना और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से नशामुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा केवल किसी एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को भी प्रभावित करता है। इसलिए इस चुनौती से मुकाबला केवल सरकार नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही संभव है। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। राज्य में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि वे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय समुदायों के सहयोग से नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर भी युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है, ताकि समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार हो सके। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि समाज के सभी वर्ग मिलकर इस दिशा में कार्य करेंगे तो ‘नशामुक्त उत्तराखंड’ और ‘विकसित भारत’ का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, जनसहभागिता और सामाजिक जागरूकता ही एक स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र की सबसे मजबूत नींव है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि युवाओं की ऊर्जा, समाज की भागीदारी और सरकार के सतत प्रयासों से उत्तराखंड नशामुक्त समाज की दिशा में नई मिसाल कायम करेगा और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।