Apr 04, 2026

मुख्यमंत्री धामी ने परखा तैयारियों का जायजा: 14 अप्रैल को पीएम मोदी के हाथों होगा विकास परियोजनाओं का शिलान्यास

post-img

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड आ सकते हैं। प्रदेश सरकार ने प्रस्तावित दौरे की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री देहरादून में दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री का कार्यक्रम अभी आधिकारिक रूप से जारी नहीं हुआ है, लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री जल्द ही उत्तराखंड आ रहे हैं और उनके दौरे की तैयारियां चल रही हैं। पहले 4 अप्रैल को प्रस्तावित दौरे को कुछ राज्यों में चुनावी व्यस्तता के कारण टाल दिया गया था। अब 14 अप्रैल को यह दौरा संभावित है।

देहरादून में प्रधानमंत्री दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे, जिससे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय महज ढाई घंटे रह जाएगा। इसके अलावा टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण तथा बनबसा लैंड पोर्ट परियोजना का शिलान्यास भी प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं से उत्तराखंड के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का देवभूमि उत्तराखंड से गहरा लगाव है। उनके नेतृत्व में राज्य में कई विकास कार्यों को गति मिली है। धामी हाल ही में प्रधानमंत्री से दिल्ली में मिल चुके हैं, जहां उन्होंने उत्तराखंड के विकास परियोजनाओं पर चर्चा की और पीएम को राज्य आने का निमंत्रण दिया था। प्रदेश सरकार के अधिकारी प्रधानमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का पूरा होना राज्य की कनेक्टिविटी के लिए ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। यह परियोजना न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी। टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा योगदान देगा, जबकि पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार और बनबसा लैंड पोर्ट से सीमा क्षेत्रों के विकास को बल मिलेगा। प्रधानमंत्री के इस दौरे को उत्तराखंड सरकार विकास की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर बता रही है। हालांकि पीएमओ से अभी आधिकारिक पुष्टि बाकी है, लेकिन मुख्यमंत्री के बयान से साफ है कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री का उत्तराखंड आगमन लगभग तय माना जा रहा है।