नई दिल्ली। राज्यसभा के अध्यक्ष जदीप धनखड़ को बधाई देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं इस सदन के साथ-साथ राष्ट्र की ओर से सभापति को बधाई देता हूं। आप संघर्षों के बीच जीवन में आगे बढ़ते हुए इस मुकाम पर पहुंचे हैं, यह देश के कई लोगों के लिए प्रेरणा है। आप सदन में इस प्रतिष्ठित पद की शोभा बढ़ा रहे हैं। राज्यसभा के अध्यक्ष जदीप धनखड़ से पीएम मोदी ने कहा कि हमारे उप राष्ट्रपति किसान पुत्र हैं और उन्होंने सैनिक स्कूल में पढ़ाई की है। इस प्रकार वह जवानों और किसानों के साथ निकटता से जुड़े हुए हैं। राज्यसभा में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह संसद सत्र ऐसे समय में आयोजित किया जा रहा है जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं और जब भारत जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण कर चुका है।
मैं इस सदन के साथ-साथ राष्ट्र की ओर से सभापति को बधाई देता हूं। आप संघर्षों के बीच जीवन में आगे बढ़ते हुए इस मुकाम पर पहुंचे हैं, यह देश के कई लोगों के लिए प्रेरणा है। आप सदन में इस महती पद की शोभा बढ़ा रहे हैं: राज्यसभा के अध्यक्ष जगदीप धनखड़ से कहते हुए PM नरेंद्र मोदी pic.twitter.com/Uc9TI8JpYP
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 7, 2022
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी आदरणीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक आदिवासी समुदाय से आती हैं। उनसे पहले हमारे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समाज के हाशिए पर पड़े वर्गों से थे और अब हमारे उपराष्ट्रपति किसान पुत्र हैं। हमारे उपराष्ट्रपति को कानूनी मामलों का भी बहुत ज्ञान है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में काफी वकील हैं और इसलिए उप राष्ट्रपति महोदय को सुप्रीम कोर्ट के अपने वकील साथियों की कमी नहीं खलेगी। राज्यसभा में पीएम मोदी ने कहा कि हमारी संसद सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को आसानी और जिम्मेदारी से हासिल करने में दुनिया की पथप्रदर्शक बनेगी। राज्यसभा देश की सबसे बड़ी ताकत है। हमारे कई प्रधानमंत्रियों ने राज्यसभा के सदस्य के रूप में काम किया है।