नई दिल्ली। असम में बाढ़ का कहर लगातार जारी है बारिश और बाढ़ से यहां 22 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। राज्य के 34 में से 27 जिलों के कम से कम 1,934 गांव अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। अप्रैल से लेकर अब तक बाढ़ और लैंडस्लाइड से मरने वालों की कुल संख्या 174 हो गई है। कुछ नदियों में जलस्तर घटने से हालात में सुधार हुआ है, लेकिन ब्रह्मपुत्र, कोपिली, दिसांग और बुरहीडीहिंग जैसी नदियां अभी भी कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
जिला अधिकारियों ने 23 जिलों में 404 राहत शिविर स्थापित किए हैं, जिसमें 2 लाख 77 हजार लोगों के रहने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 138 रिलीफ सेंटर्स के जरिए से बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री भेजी जा रही है। बाढ़ की वजह से 50,714 हेक्टेयर में फसल को नुकसान हुआ है। सैकड़ों घरों, सड़कों, पुलों, पुलियों, सिंचाई नहरों को नुकसान पहुंचा है, और लाखों की तादाद में घरेलू जानवरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। SDFR और NDRF की टीमें लगातार रहात और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
Anil Kumar
Editor