पश्चिम बंगाल की 73,887 ग्राम पंचायत सीटों में से 64,874 पर शनिवार सुबह 7 बजे मतदान जारी है। बाकी 9,013 सीटों पर उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया था। निर्विरोध चुने जाने वाले उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा 8,874 तृणमूल कांग्रेस से हैं। 11 बजे तक 22.6% मतदान हुआ है।
सेंट्रल फोर्सेस की तैनाती के बाद भी अलग-अलग इलाकों से हिंसा की खबरें आ रही हैं। सुबह वोटिंग शुरू होते ही कूच बिहार के सिताई में बाराविटा प्राइमरी स्कूल में बने पोलिंग बूथ में तोड़फोड़ की गई और बैलट पेपर्स में आग लगा दी गई। कई जगहों पर बैलेट बॉक्स ही उठा लिया गया।
#WATCH | Polling booth at Baravita Primary School in Sitai, Coochbehar vandalised and ballot papers set on fire. Details awaited.
Voting for Panchayat elections in West Bengal began at 7 am today. pic.twitter.com/m8ws7rX5uG
— ANI (@ANI) July 8, 2023
पिछले 24 घंटों में चुनावी हिंसा में पांच जिलों में नौ लोगों के मरने की खबर है। मरने वालों में पांच TMC कार्यकर्ता, एक कांग्रेस कार्यकर्ता, एक CPI(M) कार्यकर्ता, एक भाजपा उम्मीदवार का पोलिंग एजेंट और एक निर्दलीय उम्मीदवार का पोलिंग एजेंट शामिल है। 9 जून से अब तक हिंसक घटनाओं में मरने वालों की संख्या 27 हो चुकी है।
पंचायत चुनाव की तस्वीरें…

साउथ 24 परगना के बसंती में लोग बारिश में वोट डालने पहुंचे। ये लोग छाता लिए थे।

कूचबिहार के पोलिंग बूथ में तोड़फोड़ के बाद बैलट पेपर्स में आग लगा दी गई।

मुर्शिदाबाद के एक पोलिंग सेंटर के बाहर लाइन में लगे लोग।

नॉर्थ 24 परगना के बसुदेबपुर जाने के रास्ते में CPI(M) कार्यकर्ताओं ने गवर्नर सीवी आनंदा बोस की कार रोक कर उन्हें अपनी परेशानियां बताईं।

यह फोटो मालदा जिले के पोलिंग बूथ की है। यहां 7 बजे ही बड़ी संख्या लोग वोट डालने पहुंच गए थे।

पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना के मस्जिद बाटी इलाके में पोलिंग बूथ पर तैनात पुलिस।

कूच बिहार के दिनहाटा में वोट डालने के लिए लाइन में खड़े लोग।
मतदान से जुड़े अपडेट्स
- गवर्नर सीवी आनंद बोस ने कहा कि मैं सुबह से फील्ड पर निकला हूं। मुझे लोगों ने बताया कि कैसे गुंडे उन्हें वोट डालने नहीं दे रहे हैं। चुनाव बैलेट से लड़ा जाना चाहिए बुलेट से नहीं।
- पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम ब्लॉक 1 के रेजिडेंट्स ने TMC पर बूथ कैप्चर करने का आरोप लगाते हुए इलेक्शन का बॉयकॉट किया।
- लोगों का कहना है कि महम्मदपुर के बूथ नंबर 67 और 68 में सेंट्रल फोर्स की तैनाती की जाए। तैनाती न होने तक वे वोट नहीं डालेंगे।
- शनिवार तड़के मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज इलाके में TMC और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इसमें टीएमसी कार्यकर्ता को गोली मार दी गई।
- मालदा के रतुआ चांदमोनी इलाके में बमबारी में मेजारुल हक नामक युवक घायल हो गया।
- हुगली के आरामबाग में निर्दलीय उम्मीदवार जहांआरा बेगम के एजेंट को TMC कार्यकर्ताओं ने गोली मार दी।
- तृणमूल ने आरोप लगाया कि कई पोलिंग सेंटर्स पर केंद्रीय बल के जवान लोगों को भाजपा को वोट देने के लिए कह रहे हैं।
- हुगली के तारेकेश्वर में एक निर्दलीय उम्मीदवार की बेटी को गोली मारी गई। लोगों का आरोप है कि गोली TMC कार्यकर्ताओं ने मारी है।

भाजपा ने TMC पर दक्षिण 24 परगना की नूरपुर पंचायत में बूथ कैप्चर करने और बैलेट लूटने का आरोप लगाया।
पांच जिलों में नौ लोगों की मौत हुई
TMC के मुताबिक, शनिवार सुबह मुर्शिदाबाद के बेलडांगा और कूचबिहार के तूफानगंज में दो पार्टी कार्यकर्ताओं, जबकि मालदा के मानिक चौक में TMC नेता के रिश्तेदार की हत्या कर दी गई। इससे पहले शुक्रवार रात रेजीनगर और खारग्राम में दो कार्यकर्ता मारे गए थे।
मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में यास्मीन एसके नाम के कांग्रेस कार्यकर्ता का मर्डर कर दिया गया। वहीं, पूर्वी बर्दवान में शुक्रवार रात 32 साल के CPI(M) कार्यकर्ता रजिबुल हक को गोली मार दी गई थी। शनिवार सुबह उसने कोलकाता के NRS मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया।
उत्तरी 24 परगना के पीरगाछा में एक निर्दलीय उम्मीदवार के बूथ एजेंट अबदुल्ला की हत्या कर दी गई। जबकि, कूचबिहार के फलिमारी में शनिवार सुबह भाजपा के पोलिंग एजेंट माधव विश्वास की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने यह तस्वीर ट्वीट करके बताया कि भाजपा उम्मीदवार के बूथ एजेंट माधव विश्वास की हत्या कर दी गई है।

बूथ एजेंट अब्दुल्ला की मौत के लिए गांव के लोगों ने TMC उम्मीदवार मुन्ना बीबी के पति को दोषी ठहराया और सड़क पर प्रदर्शन किया।
9,013 सीटों पर निर्विरोध चुने गए हैं उम्मीदवार
राज्य में ग्राम पंचायत की कुल 73,887 सीटें हैं, जिनमें से 9,013 सीटों पर उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया था। निर्विरोध चुने जाने वाले उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा 8,874 तृणमूल कांग्रेस से हैं। वहीं, भाजपा के 63 उम्मीदवार, कांग्रेस के 40 और CPM के 36 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे।
साल 2018 के पंचायत चुनावों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 58,692 में से 20,078 यानी 34.2% सीटों पर फैसला निर्विरोध रहा था। इनमें से करीब सभी सीटें TMC ने जीती थीं।
TMC के 61,591 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा
बंगाल में पंचायत चुनाव का शेड्यूल 8 जून को जारी हुआ था। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 जून थी। ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव के लिए दाखिल किए गए नामांकन में सत्ताधारी TMC आगे रही। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, सबसे ज्यादा TMC के 61,591 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है, जो करीब 97% है।
दूसरे नंबर पर भाजपा है, जिसने 60% सीटों पर 38,475 उम्मीदवार उतारे हैं। CPIM ने 56% सीटों पर (35,411) प्रत्याशी उतारे हैं। हालांकि, ग्राम पंचायत में प्रत्याशियों के मामले में कांग्रेस निर्दलीय उम्मीदवारों से भी पीछे रह गई है। जहां 16,335 निर्दलीय ने नामांकन भरा है, जबकि कांग्रेस की तरफ से सिर्फ 11,774 नामांकन दाखिल हुए हैं।
